VIP Tree : रायसेन। हजारों पेड़ों की हरियाली के बीचों बीच आपको जालियों के बीच जो पेड़ खड़ा नजर आ रहा है दरअसल यह भारत का वीआईपी पेड़ है। इस पेड़ की सुरक्षा में दिन-रात पुलिस के 3 जवान तैनात रहते हैं। पेड़ अगर थोड़ा सा बीमार पड़ जाए तो वनस्पति वैज्ञानिक यहां आते हैं। जी हां आपको जानकर आश्चर्य जरुर हो रहा होगा लेकिन यह भारत का एकमात्र वीआईपी पेड़ है। 21 सितंबर 2012 को श्रीलंका के राष्ट्रपति और जापान के प्रधानमंत्री द्वारा रोपित यह पौधा आज बोधिवृक्ष के नाम से पहचाना जाता है। करीब 300 ईसा पूर्व पवित्र बोधि पेड़, जिसके नीचे बैठकर गौतम बुद्ध को सत्य की प्राप्ति हुई थी, इसकी एक शाखा को भारत से श्रीलंका ले जाया गया था इसी पेड़ की एक शाखा को सांची यूनिवर्सिटी की आधारशिला आयोजन के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति रहते महिंद्रा राजपक्षे ने रोपा था।
भारत और श्रीलंका के बीच सेतु के रूप में स्थापित विश्व धरोहर सांची से 5 किमी दूर सलामतपुर के पास सांची यूनिवर्सिटी के लिए आरक्षित जमीन पर इसे लगाया गया था। आठ वर्षों से इसकी देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी रायसेन जिला प्रशासन के पास है। ड्रोन कैमरे से लिया गया यह फोटो।
फरवरी में बीमार हो गया था पेड़
इसी वर्ष फरवरी में वीआईपी पेड़ बीमार हो गया था, मौसम में आए परिवर्तन की वजह से इसमें कीड़े लगने लगे थे। जो इसकी पत्तियों को खा रहे थे। जिसके बाद वनस्पति वैज्ञानिकों ने पेड़ का इलाज किया। जानकारी के मुताबिक इस पेड़ की देखरेख के लिए हर महीने करीब ड़ेढ लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। वहीं गर्मी के मौसम में यहां टैंकर द्वारा पानी जाया जाता है।