कासरगोड : केरल के कासरगोड जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जिले में बारातियो से भरी एक तेज रफ़्तार बस दुर्घटना की शिकार हो गई। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने दुख जताया है।
मिली जानकारी के मुताबिक इस बस में 70 से अधिक लोग सवार होकर शादी के लिए वधु पक्ष के भवन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह बस अनियंत्रित हो गई और बाउंड्री तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसी। मकान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त होते ही कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर को कई बार रफ़्तार पर नियंत्रण रखने के लिए बारातियों ने चेताया था। लेकिन उसने उनकी बात अनसुनी कर दी। कुछ लोग ड्राइवर के नशे में होने की बात भी कह रहे है। वहीं दूसरी ओर 40 घायलों को कान्हांगड जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस पूरी घटना में 06 लोगों की मौत हो गई है। इनमें से 5 की मौत पुतंकल तालुक अस्पताल में हुई जबकि 1 की कान्हांगड जिला अस्पताल में हो गई। कासरगोड जिला कलेक्टर ने इसकी जानकारी दी। फ़िलहाल प्रशासन ने घटना की जाँच के निर्देश दिए है।