राजस्थान की सियासी उठापटक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है। गहलोत ने विधायकों की खरीद फरोख्त के लिए पायलट को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने बहुत गंदा खेल खेला है।पायलट पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पूरा विश्वास था, लेकिन खरे नहीं उतरे। उन्हें कम उम्र में केंद्रीय मंत्री बनाया गया। राजस्थान मैं उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उप मुख्यमंत्री का पद था। इतनी कम उम्र में ही उन्हें ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया था। गहलोत ने कहा कि 7 साल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदलने की मांग नहीं उठी, किसी ने पायलट के खिलाफ एक शब्द नहीं बोला एक छोटी खबर भी नहीं पढ़ी होगी कि किसी ने, की पायलट साहब को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटाना चाहिए।हम जानते थे कि वह निकम्मा है नाकारा है कुछ काम नहीं कर रहा खाली लोगों को भड़काने का काम कर रहा है।