भोपाल। नाबालिग को अगवा कर रेप का मामला सामने आया है। दरिंदा आरोपी ने बेल पर छूटा तो फिर उसी लड़की को हवस का शिकार बनाया। हांलाकि इस पूरे मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने दोनों बार पास्को एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया। ये घटना मध्यप्रदेश के सीहोर जिले की है।
22 वर्षीय शाहरुख खान नाम के एक आरोपी ने 11 अक्टूबर 2020 को 14 वर्षीय लड़की को अगवा किया और उसके साथ रेप किया। पुलिस ने शाहरुख खान को तो गिरफ्तार कर लिया लेकिन उस पर पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
जिसकी वजह से अदालत ने आरोपी को जमानत दे दी। आरोपी ने इसी बात का फायदा दोबारा से उठाते हुए हुए बीते 31 दिसंबर को एक बार फिर से उसी नाबालिग का अपहरण कर अपनी हवस का शिकार बनाया। साथ ही आरोपी ने नाबालिग को किसी को भी कुछ बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया
बाद में जैसे ही नाबालिग लड़की ने अपनी मां को सारी बात बताई तो दोनों पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। लेकिन पुलिस ने दोबारा से पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया। बाद में पीड़िता की मां ने इसकी शिकायत चाइल्ड हेल्प लाइन में की।
चाइल्ड हेल्प लाइन के कहने पर भी जब पुलिस ने पॉक्सो एक्ट नहीं लगाया। फिर बाद में बाल कल्याण समिति के हस्तक्षेप पर पुलिस ने आरोपी शाहरुख खान पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक को किया तलब
जानकारी मिलने तक आरोपी के फरार होने की बात कही गयी है। साथ ही बाल कल्याण समिति ने सीहोर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिख कर यह पूछा है कि आखिर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना होने के बावजूद क्यों आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं किया गया था। बाल कल्याण समिति की तरफ से पीड़िता और उसके परिवारजनों को भोपाल में सुरक्षित जगह पर रखा गया है।