आगरा। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आजमपाड़ा में रविवार दोपहर एक विस्फोट के धमाके ने सभी को हिला दिया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि करीब एक किलोमीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। आसपास के लोगों को सिर्फ धुआं ही धुआं दिखाई दिया। बताया गया है कि शेरू का घर है, जहां विस्फोट हुआ है। इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है वहीं चार लोग घायल हुए हैं।
शाहगंज के आजमपाड़ा में धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई। घरों के दरवाजे और खिड़कियां भी हिल गए। धमाके की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं।
धमाका शेरू के घर हुआ है। एसपी सिटी बोत्रे प्रमोद रोहन ने बताया कि इस घटना में दो लोगों की मृत्यु हो गई है और चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। सूत्र बताते हैं कि पटाखे घर में रखे थे, जहां सिलिंडर फटने से विस्फोट हुआ और घर में आग लग गई।
जिस घर में धमाका हुआ है, उनका मुगल फायरवर्क्स के नाम से आतिशबाजी का ब्रांड भी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भीषण था कि घर में रहने वालों के अंगों के चिथड़े उड़ गए। आसपास के घरों की छतों पर शेरू के परिजनों के अंग बिखरे पड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सिलिंडर में विस्फोट के बाद घर में रखी आतिशबाजी में धमाका हुआ। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।